” बिहार मंत्रिमंडल का दूसरा विकेट गिरा”

बिहार सरकार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी उन्‍होंने खुद ही दी है। सुधाकर सिंह, राष्‍ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्‍यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और कैमूर जिले की रामगढ़ सीट से विधायक हैं। नीतीश कुमार की नई सरकार में इस्तीफा देने वाले सुधाकर सिंह ऐसे दूसरे मंत्री हैं। इससे पहले बिहार सरकार के कानून मंत्री कार्तिक कुमार को इस्तीफा देना पड़ा था। उनके खिलाफ अपहरण के मामले में वारंट जारी है। इस्तीफे के बाद से ही कार्तिक कुमार फरार चल रहे हैं। खास बात है कि ये दोनों मंत्री राजद के खेमे से हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश की है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को अपना इस्तीफा भेजा है। उन्होंने राजद के प्रदेश अध्यक्ष को भी अपने इस्तीफे की जानकारी दे दी है। वहीँ, सभी जानते हैं कि उन्‍होंने मंत्री पद संभालने के बाद अपने विभाग के अफसरों को चोर बताते हुए खुद को चोरों का सरदार कह दिया था। सुधाकर सिंह ने कहा कि वे सरकार के लिए समस्या नहीं बनना चाहते थे। हालांकि उनके इस्तीफे पर कोई फैसला होना अभी बाकी है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि सुधाकर सिंह ने किसानों के हित में दिया इस्तीफा। हम बात को आगे नहीं बढ़ाना चाहते थे।
किसानों की समस्या और कृषि विभाग में फैले भ्रष्टाचार को लेकर कई बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का सुधाकर सिंह ने ध्यान आकृष्ट किया था। कैबिनेट की बैठक में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सुधाकर की नोकझोंक हुई थी। इससे पहले विधानसभा क्षेत्र रामगढ़ और कैमूर जिले में आयोजित जन सभा कई बार विभाग के भ्रष्टाचार को लेकर कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने चिंता जताई थी। अफसरों को भी चेताया था। कृषि सचिव एन सरवन को भी हटाने की मांग की थी। राज्य के प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने सुधाकर सिंह के इस्तीफे का स्वागत किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि सुधाकर सिंह भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। लेकिन मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार उनकी एक भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने कहा है कि महागठबंधन सरकार अंत की ओर अग्रसर हो गई है। भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी ने सुधाकर सिंह पर चावल घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा मांगा था।
Leave A Reply

Your email address will not be published.